सिमडेगा पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 5 से 6 करोड़ की कथित ठगी का खुलासा,नौकरी दिलाने के नाम पर करीब 900 लोगों से धोखाधड़ी
सिमडेगा:इस वक्त की बड़ी खबर सिमडेगा से आ रही है. जहां नौकरी दिलाने के नाम पर करीब 900 लोगों के साथ धोखाधड़ी की गई है. 5 से 6 करोड़ रुपये की कथित ठगी मामले का सिमडेगा पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस ने मामले के कथित सरगना समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
एसपी श्रीकांत एस.खोटरे ने प्रेस वार्ता में बताया कि बानो और कुरडेगा थाना क्षेत्र में वीएसके फाउंडेशन के नाम से नौकरी दिलाने के लिए लोगों से सिक्योरिटी मनी ली जा रही थी. शिकायत मिलने के बाद दोनों थानों में प्राथमिकी दर्ज कर एसआईटी का गठन किया गया.
जांच में सामने आया कि अलग-अलग पदों के नाम पर 40 हजार से लेकर 3 लाख रुपये तक लिए जाते थे. पुलिस ने आरोपियों के पास से महत्वपूर्ण दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य बरामद किए हैं.पुलिस अब पीड़ितों की रकम वापस कराने के लिए आरोपियों की संपत्तियों को अटैच करने की कार्रवाई कर रही है.गिरफ्तार आरोपियों में अशोक साय, ओम प्रकाश, एनिस केरकेट्टा, सरोज केरकेट्टा, गौरती केरकेट्टा और कुन्दन शर्मा शामिल हैं.
एसपी ने बताया कि संस्था से जुड़े तीसरे और चौथे लेवल के कर्मी फिलहाल सीधे तौर पर दोषी नजर नहीं आ रहे हैं. उन्होंने लोगों से अपील की है कि ऐसे कर्मियों को लेकर पैनिक न करें.





