पटना। संसद के मानसून सत्र के तीसरे दिन महंगाई और रोजमर्रा की चीज़ों पर लगने वाले GST के मुद्दे पर कांग्रेस सहित पूरे विपक्ष ने महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने संयुक्त रुप से विरोध प्रदर्शन किया। इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, अधीर रंजन चौधरी और TRS सांसद शामिल थे।GST के मुद्दे पर विपक्ष का भारी हंगामा...पहले सत्र में नहीं हो सकी लोकसभा की कार्यवाही

विपक्ष ने लोकसभा में सदन के अंदर भी भारी हंगामा किया, जिससे सदन की कार्यवाही बाधित हुई। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को विपक्षी सांसदों की नारेबाजी के बीच लोकसभा की कार्यवाही दोपहर2बजे तक के लिए स्थगित करना पडा। लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि मैं उन सदस्यों से कहना चाहता हूं जो नारेबाजी कर रहे हैं कि वे चर्चा में हिस्सा लें। जनता चाहती है कि संसद चले। लेकिन विपक्षी सांसदों पर इसका कोई असर नहीं हुआ।

कांग्रेसी सांसद मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि जन प्रतिनिधि होने के नाते हमारा फर्ज़ बनता है कि हम ऐसे मुद्दों को उठाएं। भाजपा सरकार ने 140 करोड़ जनता पर हमला किया है। इसलिए हम प्रदर्शन कर रहे हैं, सभी राज्यो में प्रदर्शन करेंगे। जब तक GST वापस नहीं होगी हम लड़ते रहेंगे।