Hindi News / सांसद दिनेश चंद्र यादव को 'कोशी रत्न सम्मान 2026' से किया गया अलंकृत

सहरसा : सांसद दिनेश चंद्र यादव को 'कोशी रत्न सम्मान 2026' से किया गया अलंकृत

Edited By:  |
saharsa saharsa

सहरसा:मधेपुरा लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं जनता दल (यू) के वरिष्ठ नेता दिनेश चंद्र यादव को कोसी विकास संघर्ष मोर्चा,सहरसा एवं समस्त कोसीवासियों की ओर से आयोजित भव्य समारोह में 'कोशी रत्न सम्मान 2026' से सम्मानित किया गया. समारोह का आयोजन एक बैंक्वेट हॉल में किया गया, जहां सहरसा,मधेपुरा सहित पूरे कोसी क्षेत्र से हजारों नागरिकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने.

यह सम्मान उन्हें कोसी क्षेत्र में पिछले 36 वर्षों के राजनीतिक जीवन के दौरान किए गए विकास कार्यों,जनसेवा,सरल स्वभाव और व्यवहार के लिए प्रदान किया गया.

दिनेश चंद्र यादव का राजनीतिक सफर वर्ष 1990 में शुरू हुआ है. उन्होंने पहली बार सिमरी बख्तियारपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक का चुनाव जीतकर विधानसभा में प्रवेश किया. इसके बाद वे चार बार विधायक,दो बार बिहार सरकार में मंत्री और कई बार मधेपुरा लोकसभा क्षेत्र से सांसद चुने गए.

संसदीय जीवन के दौरान उन्होंने विभिन्न संसदीय समितियों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं. वे रेल मंत्रालय की सलाहकार समिति और गृह मामलों की संसदीय समिति के सदस्य के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं.

कोसी क्षेत्र के विकास में उनके योगदान की बात करें तो सहरसा-मानसी रेल दोहरीकरण जैसी महत्वपूर्ण परियोजना को स्वीकृति दिलाने में उनकी अहम भूमिका रही है. इसके अलावा क्षेत्र के सड़क, रेल और आधारभूत संरचना के विकास से जुड़े कई कार्यों में उनका सक्रिय योगदान रहा है.

समारोह के दौरान वक्ताओं ने कहा कि यह सम्मान केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि कोसी क्षेत्र के विकास और जनसेवा की उस लंबी यात्रा का सम्मान है,जिसने लाखों लोगों के जीवन को प्रभावित किया है.

बताया गया कि यह पहली बार है जब कोसी की धरती पर इतने बड़े स्तर पर किसी जनप्रतिनिधि को 'कोशी रत्न सम्मान' से सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में सामाजिक, राजनीतिक और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े अनेक गणमान्य मौजूद रहे.