New Delhi :देश की राजधानी दिल्ली में आरजेडी के राष्ट्रीय अधिवेशन की जोरदार तैयारी पूरी कर ली गयी है। 9 अक्टूबर को राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में जहां पार्टी के 25 राज्यों के प्रतिनिधि शिरकत करेंगे । वहीं 10 अक्टूबर को होने वाली राष्ट्रीय परिषद् की बैठक में लालू यादव को लगातार 12वीं बार राष्ट्रीय जनता दल का राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित कर ताजपोशी की जाएगी। इस बीच पार्टी का जोश हाई है। पार्टी ने 2024 के लोकसभा चुनाव में अपनी जोरदार उपस्थिति दर्ज करवाने का आगाज यहीं से करेगी।
कशिश न्यूज के संपादक अशोक कुमार मिश्र ने लालू प्रसाद यादव को राष्ट्रीय अध्यक्ष की चुनावी प्रकिया के तहत चुने जाने के पहले आरजेडी के राष्ट्रीय चुनाव पदाधिकारी उदय नारायण चौधरी और उप निर्वाचन पदाधिकारी से खास बातचीत की। उदय नारायण चौधरी ने बताया कि ये सामान्य सांगठनिक प्रकिया है। हर तीन साल पर ये प्रकिया पूरी की जाती है। वर्ष 2000 फरवरी से पार्टी लगातार सदस्यता अभियान चला रही है। ब्लॉक लेवल से लेकर जिला और फिर प्रदेश स्तर तक पदाधिकारियों के चयन की प्रकिया पूरी की गयी उसके बाद अब राष्ट्रीय अधिवेशन आयोजित किया गया है। जिसके तहत पहले 9 अक्टूबर को राष्ट्रीय कार्यकारिणी और 10 अक्टूबर को राष्ट्रीय परिषद् की बैठक होगी। इसमें लालू यादव को विधिवत पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया जाएगा।
नीचे देखिए रिपोर्ट का LIVE VIDEO ...
जब संपादक अशोक मिश्र ने उनसे पूछा कि लालू यादव अस्वस्थ हैं ऐसे में उनको पार्टी की कमान फिर से देने के क्या मायने हैं इस पर उदय नारायण चौधरी ने कहा कि आपलोग उल्टी बात सोचते हैं। लालू यादव जी शरीर से अस्वस्थ हैं कि दिमागों से हो गये हैं। उन्होंने कहा कि लालू यादव दिगामी तौर पर इतना फिट है कि उनके एक ही छक्के में पूरे विपक्ष की हालत पतली है। आप उन्हें अस्वस्थ कैसे कह सकते हैं।
उनसे जब ये सवाल पूछा गया कि तब मान लेना चाहिए कि लालू यादव के सहारे ही पार्टी की नईया पार लगेगी तो उदय नारायण चौधरी ने छूटते ही कहा कि आप बातों को दूसरी तरफ मोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि लालू यादव के बिना देश में विपक्षी एकता की कल्पना नहीं की जा सकती है। वहीं बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव को बिहार के युवा अपना नेता मान रहे हैं। इसी का नतीजा है कि बिहार में बीजेपी अकेलापन महसूस कर रही है। वहीं बीजेपी के नेता भी अब 'मन की बात' छोड़कर रोजी-रोटी और रोजगार की बात करने लगे हैं। चौधरी ने कहा कि दिल्ली से अब बीजेपी को हटाने की शुरुआत यहीं से शुरु हो गयी है।
वहीं पार्टी के उप निर्वाचन पदाधिकारी चितरंजन गगन ने बताया कि लालू यादव एक चमत्कारिक नेता हैं। उनकी तुलना सिर्फ और सिर्फ महात्मा गांधी, नेल्सन मंडेला और जय प्रकाश नारायण जैसे नेताओं से की जा सकती है। सामाजिक न्याय को जमीन पर उतारने का काम लालू यादव ने किया है वे एक अलौकिक पुरुष हैं।
दिल्ली से कशिश न्यूज के लिए संपादक अशोक कुमार मिश्र की रिपोर्ट ...

