PATNA-बिहार विधानसभा भवन का शताब्दी समापन समारोह आज शाम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी से खास बनेगा। प्रधानमंत्री पटना एयरपोर्ट से सीधे बिहार विधानसभा पहुंचेंगे और उनकी तकरीबन 1.05 घंटे की मौजूदगी होगी। इस खास मौके पर बिहार विधानमंडल के हर कोने को सजाया गया है। खासतौर से गौरवशाली विधानसभा भवन की छटा देखते बन रही है। यह पहला अवसर होगा जब कोई प्रधानमंत्री बिहार विधानमंडल के सदस्यों को संबोधित करेंगे।
बिहार विधानसभा के अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने बताया कि प्रधानमंत्री मंगलवार की शाम 5 बजकर 20 मिनट पर विशेष विमान से पटना एयरपोर्ट पहुंचेंगे। विस अध्यक्ष, मुख्यमंत्री, राज्यपाल एयरपोर्ट पर उनका स्वागत करेंगे। 5.55 बजे एयरपोर्ट से प्रस्थान कर 6 बजे पीएम विधानसभा पहुंचेंगे। उनके कर कमलों से शताब्दी स्मृति स्तंभ का अनावरण होगा। विदित हो कि इसकी आधारशिला राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने रखी थी।
मंच पर बैठने वाले डिप्टी सीएम तारकिशोर, मंत्री विजय चौधरी, विजेन्द्र यादव कोरोना पॉजिटिव
मंच पर बैठने वाले उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद और संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी कोरोना हो जाने के कारण कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे। वहीं ऊर्जा मंत्री विजेन्द्र यादव और खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेसी सिंह भी पॉजिटिव हैं। संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी दोबारा जांच में भी पोजेटिव पाये गये हैं।
BIHAR प्रधानमंत्री का कार्यक्रम
शताब्दी स्मृति स्तंभ अनावरण, कल्पतरू पौधे का रोपण, बिहार विधान सभा संग्रहालय अतिथि निवास का शिलान्यास, विधानसभा के, इतिहास से जुड़ी पुस्तक का विमोचन, विस परिसर में बने सभा स्थल में पीएम का संबोधन
