Hindi News / सहरसा में पीड़ित ने डीआईजी से लगाई न्याय की गुहार

पत्नी और बच्चे को बेचने का आरोप : सहरसा में पीड़ित ने डीआईजी से लगाई न्याय की गुहार

Edited By:  |
patni or bachey ko bechne ka aarop patni or bachey ko bechne ka aarop

सहरसा: जिले के नवहट्टा थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत भटारही निवासी मोहम्मद मंजूर ने अपनी पत्नी और बच्चे को लेकर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं. पीड़ित का कहना है कि उनके सास-ससुर उनकी पत्नी और बच्चे को उत्तर प्रदेश ले गए और वहां बेच दिया. साथ ही उन्होंने आरोप लगाये है कि उनकी संपत्ति और घर पर कब्जा करने की मंशा से पूरे घटनाक्रम को अंजाम दिया गया है.

मोहम्मद मंजूर के अनुसार,उन्होंने मामले को लेकर नवहट्टा थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की थी,लेकिन अब तक पुलिस की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया.

पुलिस स्तर पर कार्रवाई नहीं होने से निराश होकर उन्होंने कोशी रेंज के डीआईजी को आवेदन सौंपा और मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है.

पीड़ित का कहना है कि यदि समय रहते मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो उनकी पत्नी और बच्चे की सुरक्षा को गंभीर खतरा हो सकता है. उन्होंने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर सच्चाई सामने लाने की अपील की है.

हालांकि, इस मामले में लगाए गए सभी आरोप फिलहाल पीड़ित पक्ष के दावे हैं. इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है और न ही पुलिस या संबंधित पक्ष की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने आया है.

अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि डीआईजी स्तर पर शिकायत पहुंचने के बाद प्रशासन और पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई करती है और जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं.