Desk: मध्य प्रदेश, तेलंगाना, राजस्थान, छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव का मतगणना जारी है। चार राज्यों में से सिर्फ एक में कांग्रेस जबकि 3 राज्यों में बीजेपी की सरकार बनती दिख रही है। मध्यप्रदेश और राजस्थान में बीजेपी पूर्ण बहुमत की ओर बढ़त बनाए हुए है, वहीं छत्तीसगढ़ में कांग्रेस से आगे चल रही है। 3 राज्यों में जीत के बाद अब मुख्यमंत्री को लेकर तरह-तरह की चर्चा तेज हो गई है।
मध्यप्रदेश में बीजेपी को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने रुझानों में बीजेपी को मिले प्रचंड बहुमत पर एएनआई से बातचीत की. उन्होंने कहा कि 'लाडली बहन' योजना गेंम चेंजर साबित हुई और सीएम शिवराज सिंह चौहान के कारण ये संभव हुआ. सिंधिया ने और भी सीटें आने कीबात कहते हुए कहा कि सीएम शिवराज का नेतृत्व था और मेरी भूमिका जनसेवक की रही है. ग्वालियर-चंबल संभाग में सबको अपनी ताकत पता चल गयी.
वहीं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, "एमपी के मन में नरेन्द्र मोदी हैं,नरेन्द्र मोदी के मन में एमपी है.नरेन्द्र मोदी की सभा और प्रचार इस नतीजे की एक प्रमुख वजह है." उन्होंने कहा, "चुनाव में लाडली बहन योजना ने काम किया. अमित शाह की रणनीति ने काम किया है. बीजेपी कार्यकर्ताओं ने बहुत मेहनत किया है. इसके अलावा भूपेन्द्र यादव और शिवप्रकाश जी ने मार्गदर्शन दिया."
साथ ही ट्वीट कर लिखा कि, "भारत माता की जय,जनता जनार्दन की जय. आज मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजे आ रहे हैं और मुझे विश्वास है कि जनता के आशीर्वाद व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ फिर सरकार बनाने जा रही है. भाजपा के सभी प्रत्याशियों को हृदय से शुभकामनाएं."
उधर छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता रमन सिंह ने कहा, "मैं पहले ही कह रहा था कि भाजपा की स्पष्ट बहुमत एक्जिट पोल के रुझानों में ही छिपा है,जो कि आज सही साबित हुआ. मैं कहता भी था कि अंधेरा छटेगा,सूरज निकलेगा,कमल खिलेगा. ऐसा हुआ भी है. छत्तीसगढ़,मध्य प्रदेश और राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी की स्पष्ट बहुमत का रुझान दिख रहा है."
राजस्थान में जीत की ओर बढ़त बनाए जाने पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा, "मैं शुरू से ही कह रहा था कि बीजेपी को (राजस्थान में) प्रचंड बहुमत मिलेगी. बीजेपी छत्तीसगढ़,मध्य प्रदेश और राजस्थान में जीत रही है. ये सब गरीबों की जिंदगी सुधारने के लिए प्रधानमंत्री मोदी के कामों की वजह से मुमकिन हो पाया है."
बीजेपी नेता प्रहलाद जोशी बोले, "आज हम सब खुश हैं.लोगों ने मोदी जी को फिर से एक बार स्वीकार किया है. कांग्रेस के लोगों ने हिमाचल और कर्नाटक में बड़े-बड़े वादे किए थे,आकाश छोड़कर सारे वादे कर दिए थे. लोगों ने उनके वादे को नकारा है. मोदी जी को स्वीकारा है."
उधर 4 राज्यों के चुनाव परिणाम से कांग्रेस में कलह शुरू हो गया। कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित एमपी में कांग्रेस के पिछड़ने पर लीडरशिप पर बरस पड़े. उन्होंने कहा, "जीता हुआ चुनाव हार गये. वरिष्ठ नेताओं ने किसी को जगह नहीं दी. हमें लाडली योजना से नुकसान हुआ. हमारे प्रदेश के शीर्ष नेता लाडली बहन योजना को काउंटर ही नहीं कर पाये. मैंने खुद कई बार समझाया मगर मेरी किसी ने नहीं सुनी." कमलनाथ और दिग्विजय सिंह पर निशाना साधते हुए संदीप बोले, "उनका एमपी के नेतृत्व का समय अब खत्म हो चुका है, उनका तरीका अब पुराना हो चुका है."

