मुंगेर को डीप्टी सीएम की सौगात : अवर निबंधन कार्यालय का उद्घाटन,चहुमुखी विकास सरकार की पहली प्राथमिकता-सम्राट चौधरी
मुंगेर: बिहार के उप मुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने आज हवेली खड़गपुर में नव-निर्मित अवर निबंधन कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया. इस मौके पर क्षेत्र में उत्सव का माहौल देखने को मिला. बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और आम नागरिक मौजूद रहे.
उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी नेसमारोह को संबोधित करते हुए कहा कि काफी समय से क्षेत्र की जनता की मांग थी कि यहां अवर निबंधन कार्यालय का विस्तार किया जाए. जनता की मांग को गंभीरता से लेते हुए सरकार ने लगभग 1 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से बने इस अत्याधुनिक भवन का उद्घाटन कर दिया है. क्षेत्रवासियों को उपहार स्वरूप सौंपा जा रहा है.
उन्होंने कहा कि पूर्व में भी यहां निबंधन का कार्य होता था, लेकिन अब आधुनिक तकनीक और बेहतर सुविधाओं के साथ सभी कार्यों का निष्पादन किया जाएगा. जिससे आम लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी. क्षेत्र की जनता की मांग को प्राथमिकता देते हुए भवन निर्माण कराया गया और आज इसे जनता को समर्पित किया गया.
उप मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि तारापुर सहित पूरे मुंगेर जिले का चहुमुखी विकास सरकार की पहली प्राथमिकता है और इसके लिए वे सदैव तत्पर रहेंगे.





