BIG BREAKING : : नेपाल में बड़ी तबाही, भूस्खलन की चपेट में आयी तीन बसें, अब तक 35 यात्रियों के शव बरामद, राहत बचाव कार्य जारी

Edited By:  |
Reported By:
 Major devastation in Nepal  Major devastation in Nepal

RAXAUL :इस वक्त नेपाल से बहुत बड़ी खबर आ रही है कि नारायणघाट-काठमाण्डू पृथ्वी राज मार्ग पर धाडिंग के पास भूस्खलन की चपेट में एक साथ तीन यात्री बस आ गए है, जिसमें एक बड़ी बस और दो माइक्रो बस शामिल हैं। पहाड़ से भूस्खलन के दौरान तीनों बस चपेट में आ गयी। तीनों गाड़ियों के गिरने से अबतक 35 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। सशस्त्र पुलिस बल, नेपाल के अनुसार भूस्खलन में एक बस और दो माइक्रो बसें दबी हुई पाई गईं।

सशस्त्र पुलिस बल, नेपाल के अनुसार माइक्रो बस से 13 लोगों के शव निकाले गए। सशस्त्र पुलिस बल, नेपाल के सह प्रवक्ता डीएसपी शैलेन्द्र थापा के मुताबिक चितवन से काठमांडू जा रही एक माइक्रो बस संख्या 3 जे 1345 भूस्खलन में दब गयी। उक्त माइक्रो बस से 4 महिलाओं और 9 पुरुषों के शव निकाले गए हैं।

उन्होंने कहा कि भूस्खलन में अन्य वाहनों के भी दबे होने की आशंका पर तलाशी अभियान जारी है। इसी भूस्खलन में गोरखा से काठमांडू आ रही यात्री बस संख्या 4 बी 2270 भी भूस्खलन में दबी हुई पाई गई। उक्त बस से 8 लोगों के शव निकाले जा चुके हैं।

इसी तरह बुटवल से काठमांडू जा रही माइक्रोबस संख्या लू 1 जे 4578 के भूस्खलन में गिरने से 14 लोगों की मौत हो गयी। पुलिस के अनुसार आठ पुरुषों, पांच महिलाओं और एक बच्चे का शव माइक्रो बस से बरामद किया गया है। अभी राहत एवं बचाव कार्य जारी है। तीनों बस में कितने यात्री सवार थे, ये अभी पुष्टि नहीं हो पायी है।