गिरिडीह :जिला निर्वाचन पदाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा ने अगामी चुनाव की तिथि और मतदान के समय से संबंधित जागरूकता रथ को शनिवार को समाहरणालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस मौके पर जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी रंथू महतो, डीपीआरओ अंजना भारती भी मौजूद थी.

गिरिडीह में जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदाता जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

इस अवसर पर डीसी नमन प्रियेश लकड़ा ने कहा कि कोडरमा लोकसभा क्षेत्र और गांडेय विधानसभा उपचुनाव की तारीख नजदीक आ गई है. 20 मई को मतदान होना है. इसको लेकर जिला प्रशासन की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है. उन्होंने कोडरमा लोकसभा और गांडेय विधानसभा क्षेत्र के लोगों से अपील और अनुरोध करते हुए कहा है कि 20 मई को सभी मतदाता अपने-अपने घरों से निकलकर सुबह 7:00 से शाम 5:00 बजे तक अपने अपने बूथ पर जाकर मतदान करें और अन्य लोगों को भी जागरूक करें.

उपायुक्त ने कहा कि इस लोकतंत्र के महापर्व में बढ़-चढ़कर मतदान करें और अच्छे नागरिक की पहचान निभाएं. वहीं 25 मई को गिरिडीह लोकसभा चुनाव के दिन भी गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र के आम लोगों से ज्यादा से ज्यादा मतदान करने की अपील की.