रांची : झारखंड विधानसभा शीतकालीन सत्र के चौथे दिन आज सदन की कार्यवाही शुरु होने पर नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी ने विधानसभा अध्यक्ष रवीन्द्रनाथ महतो से तीनों विधायकों का निलंबन वापस लेने का आग्रह किया. वहीं भाजपा विधायक रणधीर सिंह और ढुल्लू महतो ने तीनों विधायकों पर कार्रवाई के खिलाफ वेल में पहुंच गये. भाजपा विधायकों के हंगामा करने की वजह से विधानसभा की कार्यवाही 12:30 बजे तक के लिए स्थगित हो गई.
आज चौथे दिन सदन की कार्यवाही शुरु होते ही भाजपा के विधायकों ने कार्य स्थगन प्रस्ताव को लेकर हंगामा किया. तीन सदस्यों के निलंबन पर भाजपा विधायक अमित मंडल ने कहा सिर्फ युवाओं के हित के मुद्दे उठाने पर निलंबित कर दिया जाएगा. आपसे निवेदन है कि उनका निलंबन वापस लिया जाए.
विधायक इरफान अंसारी ने अमर बाउरी पर की टिप्पणी कहा, अपने आप को दलित ,गरीब और पिछड़ों का नेता बताने वाले आज जनता का भला नहीं चाह रहे हैं.
नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी ने कहा कि मुझे लेकर कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने कैसे-कैसे टिप्पणी की है. यह सोशल मीडिया पर आज भी चल रहा है और हमें नेता प्रतिपक्ष माना गया. इसके लिए हम अपने केंद्रीय नेतृत्व को धन्यवाद देते हैं.
भाजपा के विधायक पुनः कार्य स्थगन प्रस्ताव व निलंबन वापस लेने की मांग को लेकर वेल में पहुंचे.
सभी भाजपा के विधायकों ने काला पट्टा अपने मुंह पर बाँधा. इसके बाद स्पीकर ने सदन की कार्यवाही 12:30 बजे तक के लिए स्थगित कर दी.
