CRIME NEWS : पति ने पत्नी की गला दबाकर की हत्या, शव को जंगल में दफनाया


DHANBAD : बागदाहा कानाटाड़ में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, पत्नी पर चरित्र शंका के चलते पति ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी और शव को घर से कुछ दूरी पर जंगल में दफन कर दिया। पुलिस को सूचना मिलने पर आरोपी पति को हिरासत में लिया गया, जहां पूछताछ के दौरान उसने अपराध कबूल कर लिया। मृतका की पहचान लक्ष्मी देवी के रूप में हुई है, जिनकी शादी करीब 8 वर्ष पूर्व मनबोध पंडित से हुई थी। आरोपी पति मनबोध पंडित ने पुलिस को बताया कि उसे शक था कि उसकी पत्नी किसी अन्य व्यक्ति से फोन पर बात करती थी, जिसके चलते उसने यह खौफनाक कदम उठाया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर जंगल में पहुंचकर शव को कब्र से निकाला और कानूनी प्रक्रिया के तहत उसे कब्जे में लिया, घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर राजगंज थाना ले आई है, इधर घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के मायके वाले जो बोकारो जिले के चंद्रपुरा नर्रा के निवासी हैं राजगंज पहुंचे। मृतका की छोटी बहन नेहा और चाचा ईश्वर पंडित ने थाना में आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई, बहन ने बताया कि कुछ दिन पहले लक्ष्मी देवी ने फोन पर बताया था कि उसके पति द्वारा उसके साथ मारपीट की जाती है। इसके बाद वह मायके आई थी, लेकिन कुछ दिन बाद पति उसे वापस ससुराल ले गया। नेहा ने यह भी बताया कि आरोपी जीजा ने खुद फोन कर कहा था कि लक्ष्मी ने फांसी लगाकर जान दे दी है, लेकिन अब हत्या की सच्चाई सामने आ गई है। मृतका के दो छोटे बच्चे भी हैं। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी की जा रही है।