Hindi News / रिम्स में ऑनलाइन भर्ती और डिस्चार्ज अनिवार्य, आयुष्मान लाभार्थियों को मिलेगा कैशलेस इलाज...

JHARKHAND NEWS : रिम्स में ऑनलाइन भर्ती और डिस्चार्ज अनिवार्य, आयुष्मान लाभार्थियों को मिलेगा कैशलेस इलाज का लाभ

Edited By:  |
jharkhand news jharkhand news

रिम्स में आयुष्मान भारत योजना को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के लिए गुरुवार को एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद मरीजों को बिना किसी बाधा के योजना का पूरा लाभ दिलाना है।इस हाई-लेवल मीटिंग की अध्यक्षता खुद रिम्स के निदेशक ने की। बैठक में रिम्स के चिकित्सा अधीक्षक, आयुष्मान भारत योजना के नोडल पदाधिकारी, विभिन्न क्लीनिकल विभागों के विभागाध्यक्ष (HODs) और योजना से जुड़े तमाम वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। बैठक में योजना की वर्तमान स्थिति और आ रही चुनौतियों पर बिंदुवार चर्चा की गई।इस बैठक में मरीजों के हित में कई बड़े फैसले लिए गए और कड़े निर्देश जारी किए गए।

रिम्स निदेशक ने साफ तौर पर निर्देश दिया है कि आयुष्मान भारत योजना के तहत मरीजों की भर्ती (Admission) से लेकर उनके डिस्चार्ज (Discharge) तक की पूरी प्रक्रिया को शत-प्रतिशत ऑनलाइन लागू किया जाए। इसमें किसी भी तरह की ढिलाई या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी, ताकि पूरी व्यवस्था पारदर्शी बनी रहे।इसके साथ ही, बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि अस्पताल आने वाले हर पात्र मरीज को पूरी तरह से कैशलेस और समयबद्ध उपचार मिले। दवाओं या जांच के नाम पर मरीजों को कोई परेशानी न हो। निदेशक ने अधिकारियों से योजना का दायरा बढ़ाने और रिम्स के हर विभाग में इसके क्रियान्वयन को और मजबूत करने को कहा है।उम्मीद है कि इन नए और कड़े कदमों के बाद रिम्स में आयुष्मान भारत योजना का लाभ मरीजों को और भी आसानी से मिल सकेगा।