शिव शिष्य परिवार की ओर से आगामी 10 अक्टूबर को ईटखोरी स्थित मां भद्रकाली मंदिर परिसर में शिव गुरु महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव को लेकर सोमवार को शिव शिष्यों ने प्रेस कांफ्रेंस कर कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। शिव शिष्य अखिलेश प्रसाद ने बताया कि महोत्सव का आयोजन महालया के अवसर पर किया जा रहा है। इसमें जिले के अलावे बिहार, छत्तीसगढ़,उड़ीसा के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में शिव शिष्यों के शामिल होने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को शिव को गुरु मानने तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संदेश देना है। महोत्सव में शिव गुरु की महिमा, उनके संदेश और मानव जीवन में गुरु के महत्व पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही लोगों को सदाचार, मानवता और समाजहित के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा। महोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। उन्होंने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर महोत्सव को सफल बनाने की अपील की।
