पटना। स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने शनिवार को पटना स्थित आईजीआईएमएस में कोरोना की तीसरी खुराक यानी बूस्टर डोज ली। 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों के लिए मुफ्त में कोरोना का बूस्टर डोज उलपब्ध कराने को लेकर मंगल पांडेय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आभार जताते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार लोगों के स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशील है।
स्वास्थ्य मंत्री ने राज्य के 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के सभी लोगों से अपील करते हुए कहा कि कोरोना के खिलाफ सरकार द्वारा चलाए जा रहे इस मुहिम का हिस्सा बनें और 15 जुलाई से आगामी 75 दिनों तक चलने वाले विशेष अभियान के तहत बूस्टर डोज अवश्य लें, क्योंकि कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण ही एक प्रभावी उपाय है।

