PATNA : मोकामा और गोपालगंज विधानसभा उपचुनाव की वोटिंग अपने आखिरी दौर में पहुंच चुकी है। आखिरी घंटे में आरजेडी ने बड़ा दावा किया है। पार्टी ने कहा कि है दोनों ही सीटों पर महागठबंधन उम्मीदवार की जीत तय है। आरजेडी ने कहा कि अपनी हार तय देखकर दोपहर एक बजे के पहले ही बीजेपी समर्थक मैदान छोड़कर चले गए थे।
आरजेडी प्रवक्ता चित्तरंजन गगन ने कहा है कि गोपालगंज और मोकामा से मिले फीडबैक के अनुसार महागठबंधन का उम्मीदवार दोनों जगहों से भारी मतों के अन्तर से चुनाव जीतने जा रहे हैं। दोनों क्षेत्रों के मतदाताओं में महागठबंधन उम्मीदवार के समर्थन में जबरदस्त उत्साह का माहौल था। जबकि बीजेपी समर्थकों में मायूसी छाई हुई थी।चितरंजन गगन ने कहा कि कई मतदान केंद्रों पर तो दोपहर एक बजे के पहले ही बीजेपी समर्थक मैदान छोड़कर चले गए। जबकि गोपालगंज के सभी 330 और मोकामा के 289 मतदान केंद्रों पर महागठबंधन उम्मीदवारों को मतदाताओं का अपेक्षा से भी ज्यादा समर्थन मिल रहा है।
आरजेडी प्रवक्ता ने कहा कि मतदान में सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि महागठबंधन उम्मीदवार को सभी वर्गों और समुदायों का समर्थन मिला है। गोपालगंज में तो हतोत्साहित होकर बीजेपी समर्थकों द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से झूठे अफवाह फैलाने की भी नाकामयाब कोशिश की गई थी। इस सिलसिले में पुलिस ने कई लोगों को गिरफ्तार भी किया है।चितरंजन गगन ने कहा कि बीजेपी को तो अपनी हार का एहसास दो दिन पहले हीं हो गया था जिसका असर उनके द्वारा दिए गए बयानों में दिखाई पड़ रहा था।

