धनबाद पुलिस की कार्रवाई : दुकानदार के साथ मारपीट मामले में मुख्य आरोपी अरेस्ट,पुलिस ने सरेआम पैदल घुमाया
धनबाद: जिले में निकाय चुनाव के मतगणना के दिन सिटी सेंटर स्थित रंगदारी को लेकर दुकानदार के साथ हुई मारपीट मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. घटना के बाद मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था. जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की है. लगातार हुई छापेमारी के दौरान धनबाद पुलिस ने मुख्य आरोपी रोशन सिंह को गिरफ्तार कर लिया है.इस मामले में पुलिस ने कुल पांच लोगों को आरोपी बनाया है,जिनमें से एक आरोपी को पहले ही जेल भेज दिया गया था.
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी रोशन सिंह को सरेआम सिटी सेंटर से मधुलिका होटल तक पैदल घुमाया. वहीं, थाना प्रभारी का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य यह संदेश देना है कि कोई भी अपराधी आपराधिक घटना को अंजाम देने के बाद बच नहीं सकता है. पुलिस ने कहा कि इस घटना में शामिल अन्य आरोपियों की भी तलाश जारी है, उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
बता दें कि दुकानदार मंगल सिंह के साथ मारपीट की घटना सामने आई थी. मारपीट में दुकानदार मंगल सिंह को गंभीर चोटें आई थीं. घटना के बाद पीड़ित दुकानदार मंगल सिंह के बयान पर धनबाद थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की.





