Hindi News / मायकेवालों ने लगाया हत्या का आरोप,जमकर किया हंगामा

धनबाद में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत : मायकेवालों ने लगाया हत्या का आरोप,जमकर किया हंगामा

Edited By:  |
dhanbad mein navvivahita ki sandighdh mout dhanbad mein navvivahita ki sandighdh mout

धनबाद:जिले के गोविंदपुर में नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत के बाद भारी बवाल हुआ है. मायकेवालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है. मामला गोविंदपुर थाना क्षेत्र की मटियाला पंचायत के मचामहुल गांव का है. मचामहुल निवासी काशी गोप की 21 वर्षीय पत्नी फुलटुसी देवी की बीती रात अचानक मौत हो गई थी. घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग और गोविंदपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंचे. परिजनों के भारी हंगामे और काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल (SNMMCH) भेज दिया है.

दहेज के लिए हत्या का आरोप

महिला के चचेरे भाई अनिल महतो ने पत्रकारों को बताया कि फुलटोसी की शादी पिछले साल ही काशी गोप के साथ हुई थी. शादी में 5 लाख दहेज भी दिया गया था. आरोप है कि इसके बावजूद काशी गोप के परिवार वाले लगातार दहेज की मांग कर रहे थे. मांग पूरी नहीं होने पर फुलटोसी की हत्या कर दी गई. मामले पर गोविंदपुर थाना पुलिस का कहना है कि परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं. पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा. वहीं, रिपोर्ट के आधार पर हर बिंदु पर निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.