धनबाद में जेएमएम का मिलन समारोह : संगठन मजबूती और चुनावी रणनीति पर जोर
धनबाद: झारखंड मुक्ति मोर्चा महानगर की ओर से मंगलवार को शहर में मिलन समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में धनबाद के नवनियुक्त उपमहापौर अरुण चौहान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. इस मौके पर संगठन मजबूती पर रणनीति तैयार की गई. कार्यक्रम के दौरान जेएमएम की केंद्रीय प्रवक्ता नीलम मिश्रा भी मौजूद रहीं.
उन्होंने कहा कि मिलन समारोह का मुख्य उद्देश्य नगर निगम चुनाव में पार्टी के विजयी महापौर और आठ पार्षदों को सम्मानित करना है. इससे कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा और ताकत मिली है. इस अवसर पर पार्टी नेताओं ने स्पष्ट किया कि जेएमएम शहर में अपनी पकड़ मजबूत कर आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनाव में अपने उम्मीदवार उतारेगी और जीत दर्ज करने का लक्ष्य रखेगी.
वहीं, उपमहापौर अरुण चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देश पर पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का काम किया जाएगा. उन्होंने शहर की साफ-सफाई और विकास कार्यों को प्राथमिकता बताते हुए कहा कि नगर निगम क्षेत्र में लगातार काम जारी है. समारोह में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय नेता उपस्थित रहे, जिन्होंने संगठन विस्तार और चुनावी तैयारियों को लेकर उत्साह व्यक्त किया.





