धनबाद में सिलेंडर फटने पर हादसा : विस्फोट में तीन की मौत,एक घंभीर हालत में रांची रेफर दूसरा अस्पताल से फरार
धनबाद:पुटकी ताना क्षेत्र के मुनीडीह में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गैस कटर सिलेंडर अचानक जोरदार धमाके के साथ विस्फोट हो गया. इस घटना की चपेट में आने से तीन की मौत हो गई. जबकि, दो लोग बुरी तरह से घायल हो गए. घायलों में एक को बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है. वहीं, एक अन्य घायल अस्पताल से फरार हो गया. विस्फोट के वक्त 8 से 10 लोग मौजूद थे. जैसे ही सिलेंडर फटा, उसकी गैस तेजी और भयावह तरीके से बाहर निकलने लगी, जिससे आसपास मौजूद लोगों की स्थिति गंभीर हो गई.
बताया जा रहा है कि अवैध रूप से लोहा कटिंग का काम चल रहा था. इसी दौरान अचानक सिलेंडर ब्लास्ट हो गया, जिसकी चपेट में आने से आनंद कुमार, संजय यादव और अजहरुद्दीन की जान चली गई.बीसीसीएल क्षेत्र में लोहा कटिंग का काम चलता है.
मृतक संजय यादव के परिजनों ने बताया कि वह दोस्त के साथ काम करने जाने की बात कहकर घर से निकला था. देर रात करीब 1 बजे वह अचानक घर पहुंचे और तेज सांस फूलने, खांसी और बेचैनी की शिकायत होने लगी. परिजनों के अनुसार वह ठीक से बोल भी नहीं पा रहे थे. उनकी स्थिति तेजी से बिगड़ने लगी, मुंह से झाग भी निकलने लगा, जिसके बाद परिजनों ने उन्हें एसएनएमएमसीएच लेकर पहुंचे. जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
इधर, घटना के संबंध में सीआईएसएफ की ओर से लिखित शिकायत मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.





