धनबाद में बनेगा पुलिस कॉम्प्लेक्स : SSP प्रभात कुमार ने किया निरीक्षण,एक ही भवन में होंगे पांच थाना
धनबाद: जिले में पुलिस व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित और आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. धनबाद थाना, महिला थाना, एसी-एसटी थाना, यातायात थाना और साइबर थाना अब एक ही भवन में संचालित करने की योजना पर काम शुरू हो गया है. इसी क्रम में बुधवार को एसएसपी प्रभात कुमार ने धनबाद थाना परिसर का निरीक्षण कर अधिकारियों और इंजीनियरों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
17 करोड़ की लागत से जी+6 अत्याधुनिक भवन का निर्माण
वर्तमान में सदर थाना परिसर में महिला थाना और यातायात थाना संचालित हो रहे हैं। अब यहां लगभग 17 करोड़ रुपये की लागत से जी+6 (ग्राउंड प्लस छह मंजिला) अत्याधुनिक भवन का निर्माण कराया जाएगा.जिसमें सभी पांच थानों को एकीकृत किया जाएगा. इस परियोजना को पूरा करने में करीब डेढ़ वर्ष का समय लगेगा.
पहले से प्रस्तावित थी योजना
एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि यह योजना पहले से प्रस्तावित थी,जिस पर अब तेजी से काम शुरू किया जा रहा है. राज्य सरकार द्वारा भेजी गई इंजीनियरों की टीम ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया और परियोजना की रूपरेखा पर चर्चा की.
नए भवन के निर्माण से पुलिसिंग व्यवस्था होगीप्रभावी
एसएसपी ने कहा कि नए भवन के निर्माण से पुलिसिंग व्यवस्था अधिक प्रभावी होगी और आम नागरिकों को विभिन्न थानों के लिए अलग-अलग स्थानों पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. इसके अलावा जिले के सभी थाना परिसरों का सौंदर्यीकरण भी कराया जा रहा है,ताकि फरियादियों और आम लोगों को बेहतर एवं सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराया जा सके.





