धनबाद : 18 मार्च को नवनिर्वाचित मेयर और वार्ड पार्षद लेंगे शपथ,डीप्टी मेयर और उपाध्यक्ष के लिए होगा मतदान
धनबाद:नगर निगम के नवनिर्वाचित मेयर एवं वार्ड पार्षद और चिरकुंडा नगर परिषद के अध्यक्ष व वार्ड पार्षद आगामी 18 मार्च-2026 को शपथ ग्रहण करेंगे.इसकी जानकारी देते हुए जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि धनबाद नगर निगम के नवनिर्वाचित महापौर एवं सभी वार्ड पार्षद 18 मार्च 2026 को सुबह 10 बजे पूर्वाह्न में समाहरणालय के सभाकक्ष और चिरकुंडा नगर परिषद के अध्यक्ष व वार्ड पार्षद के लिए समाहरणालय के तीसरे तल्ले पर बैठक आयोजित की जाएगी. तत्पश्चात उन्हें शपथ भी दिलाई जाएगी.
धनबाद नगर निगम के उप महापौर व चिरकुंडा नगर परिषद के उपाध्यक्ष के लिए सुबह साढ़े ग्यारह बजे से दोपहर साढ़े बारह बजे तक नाम निर्देशन पत्र दाखिल किया जाएगा. दोपहर साढ़े बारह बजे से एक बजे तक नाम निर्देशन पत्रों की स्क्रुटनी की जाएगी. वहीं, दोपहर एक बजे से डेढ़ बजे तक विधि मान्य अभ्यर्थियों की सूची तैयार की जाएगी. दोपहर डेढ़ बजे से नाम वापस लेने का समय निर्धारित किया गया है. तत्पश्चात दोपहर 1:45 से 2:15 बजे तक मत पत्र की तैयारी की जाएगी. वहीं, दोपहर 2:15 से दोपहर 3 बजे तक धनबाद नगर निगम के उप महापौर व चिरकुंडा नगर परिषद के उपाध्यक्ष के लिए मतदान किया जाएगा.
दोपहर 03 बजे से 3:15 तक मतगणना की जाएगी. वहीं, 3:15 बजे से 3:30 बजे तक निर्वाचन परिणाम की घोषणा एवं निर्वाचन प्रमाण पत्र 42 में तामिला के लिए समय निर्धारित है. तत्पश्चात दोपहर 3:30 बजे से 4:00 बजे तक धनबाद नगर निगम के उप महापौर एवं चिरकुंडा नगर परिषद के उपाध्यक्ष को शपथ दिलायी जाएगी.





