पटना। 2025 में आयोजित होने वाला महिला क्रिकेट विश्व कप भारत में होगा। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल यानि ICC ने इसकी घोषणा कर दी। इसके साथ ही ICC ने 2024 से लेकर 2027 तक के वुमेंस व्हाइट बॉल ग्लोबल इवेंट्स कब और कहां होंगे, इसकी भी घोषणा की है।
भारत को मेजबानी मिलने के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने काफी खुशी जाहिर की है। बोर्ड के अध्यक्ष सौरभ गांगुली ने कहा है कि हम आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 की मेजबानी करने के इच्छुक थे और हमें खुशी है कि हमने महिला कैलेंडर पर इस मार्की क्लैश के लिए मेजबानी के अधिकार हासिल कर लिए हैं।
वहीं बोर्ड के सचिव जय शाह ने कहा है कि हमें 2025 आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप की मेजबानी करते हुए खुशी हो रही है और मैं आपको बता दूं कि बीसीसीआई इसे सभी संबंधित लोगों के लिए एक यादगार आयोजन बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेगा।
इससे पहले आईसीसी बोर्ड ने मंगलवार की देर शाम इस बात की पुष्टि की है कि बांग्लादेश, भारत, इंग्लैंड और श्रीलंका में अगले चार आईसीसी वुमेंस ग्लोबल इवेंट्स आयोजित होंगे।
