पटना। नेशनल हेराल्ड मामले में पूछताछ के लिए कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी मंगलवार को भी ED ऑफिस पहुंची। कांग्रेस के नेता राहुल गांधी भी ED ऑफिस पहुंचे। अपने नेताओं से लगातार हो रही पूछताछ को लेकर कांग्रेस बेहद नाराज है। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि जानबूझ कर सोनिया गांधी और राहुल गांधी को परेशान किया जा रहा है। इस पूछताछ के विरोध में कांग्रेस देश भर में प्रदर्शन कर रही है।
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी नेशनल हेराल्ड मामले में दूसरे दौर की पूछताछ के लिए ईडी कार्यालय पहुंचीं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी ईडी कार्यालय पहुंचे। आज कांग्रेस का राजघाट पर धरना प्रदर्शन था। BJP के लोग होते तो वे आगजनी करते, हम तो शांतिपूर्ण विरोध कर रहे हैं। आज अगर वहां प्रदर्शन होता तो ट्रैफिक में कोई बाधा नहीं आती। हमारी पार्टी मुख्यालय के अंदर इंट्री बंद है।
इससे पहले सोमवार को दिल्ली के पार्टी कार्यालय में कांग्रेस नेता शक्ति सिंह गोहिल ने आरोप लगाया था कि बीजेपी और उसके समर्थक यह दावा करके भारत के लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं कि नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में 2002 के गुजरात दंगों की जांच कर रही एसआईटी के सामने बिना शोर-शराबा किए पेश हुए थे। सच्चाई यह है कि बीजेपी ने पूरे राज्य में कांग्रेस पार्टी, यूपीए सरकार और गुजरात की तत्कालीन राज्यपाल का विरोध किया था और नारे लिखे थे।

