बक्सर में बाल युवा संसद का आयोजन : विस अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा रहे मौजूद, बच्चों ने की मन की बातें

Edited By:  |
Reported By:
buxer me bal yuwa sansad ka aayojan buxer me bal yuwa sansad ka aayojan

बक्सर : बिहार विधान सभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा आज बक्सर दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने नगर भवन में बाल युवा संसद कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ उन्होंने दीप प्रज्जवलन एवं राष्ट्रगान के साथ किया।

कार्यक्रम के दौरान ही विजय कुमार सिन्हा ने सभी बच्चों को लोकतांत्रिक मूल्यों के संबंध में बताया और आज के परिवेश में लोकतांत्रिक मूल्यों के महत्व को बारीकी से समझाया। साथ ही कि प्रश्नकाल, शून्यकाल, ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के संबंध में सभा में उपस्थित बच्चों को बताया। उन्होंने बताया कि प्रश्नकाल में लोकहित के प्रश्न पूछे जाते हैं जिस के संबंध में सरकार अपना पक्ष रखती है। अध्यक्ष महोदय ने बच्चों से उनके मन की बातें सुनी। बच्चों ने शिक्षा, स्वच्छता, जिला के विकास, नशा मुक्ति, दहेज प्रथा, बाल विवाह जैसे ज्वलंत मुद्दों पर अपनी बात रखी।

अध्यक्ष महोदय ने बक्सर जिला अंतर्गत चारों विधानसभा क्षेत्र से दो दो बच्चों से क्षेत्र के समस्या के बारे में सुना एवं उन्हीं बच्चों से उस समस्या के समाधान के लिए क्या होना चाहिए उसका प्रति उत्तर लिया। अध्यक्ष महोदय ने सामाजिक नैतिक संकल्प अभियान के तहत पांच अभिशाप (नशा मुक्त, अपराध मुक्त, बाल श्रम मुक्त, बाल विवाह मुक्त, दहेज मुक्त), पांच सामाजिक वरदान (स्वच्छता युक्त, योग आयुर्वेद युक्त, जल संचय युक्त, प्रकृति युक्त, विरासत युक्त) एवं पांच सामाजिक सम्मान (डिजिटल साक्षर, स्वरोजगार प्रेरक, रोजगार सृजनकर्ता, सामाजिक योद्धा एवं सेवा समर्पणदाता) के संबंध में वहाँ उपस्थित सभी लोगों को बताया एवं संकल्प दिलाया कि मैं यह संकल्प लेता/लेती हूँ कि हमारा परिवार पाँच सामाजिक अभिशापों से मुक्त (नशा मुक्त, अपराध मुक्त, बाल श्रम मुक्त, बाल विवाह मुक्त, दहेज मुक्त), पाँच सामाजिक वरदानों से युक्त (स्वच्छता युक्त, योग आयुर्वेद युक्त, जल संचय युक्त, प्रकृति युक्त, विरासत युक्त) एवं पाँच सामाजिक सम्मानों से पूर्ण (डिजिटल साक्षर, स्वरोजगार प्रेरक, रोजगार सृजनकर्ता, सामाजिक योद्धा एवं सेवा समर्पणदाता) होगा तथा मैं और मेरा परिवार समाज के नवनिर्माण हेतु इस संकल्प के प्रति हमेशा समर्पित रहेगा। अध्यक्ष महोदय ने संवैधानिक अधिकार एवं कर्तव्य के विषय में सभी को अवगत कराया।

राष्ट्रगीत के साथ सभा समाप्ति की गई एवं सभा समाप्ति के बाद अध्यक्ष महोदय के द्वारा ऐतिहासिक चौसा मैदान का भ्रमण किया गया। चौसा के मैदान का अवलोकन किया और वहाँ के ऐतिहासिक धरोहर के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान कई गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।


Copy