बोकारो जनरल अस्पताल में हंगामा : स्टील प्लांट में कार्यरत कर्मी की मौत पर बवाल,किडनी खराब होने के बावजूद ड्यूटी कराने का आरोप
बोकारो:बोकारोस्टील प्लांट में कार्यरत धीरेन चंद्र शर्मा की इलाज के दौरान मौत होने पर परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर बवाल काटा. परिजनों का आरोप है कि किडनी खराब होने के बावजूद उन पर दबाव बनाकर ड्यूटी कराया गया. जिस कारण उनकी हालत बिगड़ती चली गई और अंत में मौत हो गई. इस गटना के बाद पीड़ित परिवार ने स्टील प्लांट के प्रबंधन से नियोजन की मांग की है.
गुस्साए परिजनों ने बोकारो जनरल अस्पताल परिसर में जमकर नारेबाजी की. इस दौरान अस्पताल के डॉक्टर विभूति करुणामय पर भी लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए कर्मी की मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया है.
परिजनों का कहना है कि मृतक की किडनी खराब थी और बोर्ड द्वारा बेहतर इलाज के लिए CMC Vellore भेजा गया था. इलाज के बाद उन्हें फिट घोषित कर दोबारा नौकरी पर लगा दिया गया, जबकि उनकी हालत पूरी तरह ठीक नहीं थी. आरोप है कि जिला स्तर पर उन्हें वेल्लोर दोबारा जाने से भी रोका गया, जिसके बाद उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई.
रविवार को घर में गिरकर बेहोश होने के बाद उन्हें अस्पताल लाया गया. जहां परिजनों के अनुसार करीब दो घंटे तक इलाज में लापरवाही बरती गई और बाद में उनकी मौत हो गई.
फिलहाल परिजन नियोजन की मांग पर अड़े हुए हैं और डॉक्टर पर भी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. वहीं, प्रबंधन ने मामले में जल्द निर्णय लेने का आश्वासन दिया है.





