पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल यानी पीएमसीएच के 2022 बैच के करीब 200 छात्रों की कक्षा में लगातार अनुपस्थिति को लेकर कॉलेज प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. जानकारी के मुताबिक,इस बैच के सभी छात्र पिछले करीब दो महीने से नियमित कक्षाओं में उपस्थित नहीं हो रहे हैं. वर्तमान में छात्रों की उपस्थिति करीब 45 प्रतिशत बताई गई है.
प्राचार्य डॉ.गीता सिन्हा ने बुधवार को छात्रों को बुलाकर स्पष्ट निर्देश दिया है कि उन्हें अपनी उपस्थिति 75 प्रतिशत तक पूरी करनी होगी. छात्रों को गुरुवार से नियमित रूप से सभी कक्षाओं में शामिल होने का निर्देश दिया गया है. कॉलेज प्रशासन के अनुसार दिसंबर तक 75 प्रतिशत उपस्थिति पूरी नहीं करने वाले छात्रों को फरवरी में होने वाले सेंटअप में शामिल होने से वंचित किया जा सकता है.
वहीं,छात्रों ने कक्षाओं में उपलब्ध सुविधाओं को लेकर भी नाराजगी जताई. छात्रों का कहना है कि कई कक्षाओं में साउंड सिस्टम की सुविधा नहीं है. इसके कारण पीछे बैठने वाले छात्रों को शिक्षकों की आवाज स्पष्ट रूप से सुनाई नहीं देती. बोर्ड पर लिखी सामग्री भी स्पष्ट दिखाई नहीं देने की शिकायत छात्रों ने की है. छात्रों ने स्मार्ट बोर्ड और बेहतर ऑडियो सिस्टम उपलब्ध कराने की मांग की है.
कुछ छात्रों ने सेमेस्टर परीक्षा के कारण कक्षाओं में अनुपस्थित रहने की बात भी कही. प्राचार्य ने कहा कि छात्रों की उपस्थिति की नियमित निगरानी की जाएगी. इसके लिए कॉलेज प्रशासन ने एक कमेटी गठित की है,जो प्रतिदिन कक्षाओं में छात्रों की उपस्थिति की जांच करेगी. अनुपस्थित पाए जाने वाले छात्रों को नोटिस जारी किया जाएगा. कॉलेज प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक छात्र के लिए निर्धारित कक्षा में उपस्थिति अनिवार्य है.

