पटना: बिहार में बाढ़ से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) ने मुख्यमंत्री राहत कोष में 11 लाख रुपये की सहयोग राशि दी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं लघु जल संसाधन मंत्री डॉ.संतोष कुमार सुमन के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को लोक सेवक आवास में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की और सहयोग राशि का चेक सौंपा।

पार्टी की ओर से बताया गया कि HAM के सभी सांसद,विधायक और विधान पार्षद भी मुख्यमंत्री राहत कोष में अपने एक-एक माह का वेतन देंगे। यह राशि बिहार में आई बाढ़ से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए दी गई है।

चेक सौंपे जाने के दौरान पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री को सहयोग से संबंधित पत्र भी दिया गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने HAM के इस सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आपदा और कठिन परिस्थितियों के समय यह राशि जरूरतमंद लोगों की सहायता में उपयोगी साबित होगी।

सरकार की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं सहायता कार्य जारी हैं। मुख्यमंत्री राहत कोष में विभिन्न स्तरों से मिलने वाली सहयोग राशि का इस्तेमाल प्रभावित लोगों की मदद के लिए किया जाएगा।

बिहार से वरिष्ठ संवाददाता संजय कुमार की रिपोर्ट