भागलपुर में बिल्डर की हत्या : थाने के ठीक सामने वारदात से सनसनी,खून से लथपथ हालत में मिला शव
भागलपुर: शहर के तिलकामांझी थाना के ठीक सामने स्थित एक बिल्डिंग में बिल्डर बजरंगी कुमार की हत्या करने का मामला सामने आया है. इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है.
जानकारी के अनुसार बजरंगी कुमार दिन में अपने कार्यालय गए थे,लेकिन देर रात तक वह घर नहीं लौटे. गुरूवार सुबह जब उनका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने पुलिस को इसकी सूचना दी. पुलिस जब कार्यालय पहुंची तो बाहर से ताला बंद मिला. ताला तोड़कर अंदर प्रवेश करने पर बजरंगी कुमार का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा हुआ था.
परिजनों ने बताया कि बजरंगी कुमार लंबे समय से रियल एस्टेट का कारोबार करते थे. उनका कहना है कि पिछले कुछ दिनों से वे फोन पर किसी से बहस करते दिखाई देते थे, जिससे किसी विवाद या रंजिश की आशंका जताई जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे. सिटी
एसपी ने बताया कि मृतक के शरीर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं. मामले की जांच के लिए डॉग स्क्वायड और एफएसएल टीम की मदद ली जा रही है. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा कर रही है.
थाने के सामने हुई इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों और व्यवसायियों में आक्रोश है. पुलिस ने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है.





