भागलपुर:जिलेमें गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ने से बाढ़ की स्थिति बेहद गंभीर हो गई है. गंगा किनारे बसे दियारा इलाका में पानी पूरी तरह भर जाने के बाद शहरी क्षेत्र मे पानी घुस गया है. बिहार सरकार के आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सदा आज भागलपुर दौरे पर रहेंगे. आपदा मंत्री भागलपुर जिले में बाढ़ का जायजा लेंगे. जिसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा करेंगे. बता दें कि बड़ी संख्या में लोग अपना घर छोड़कर सुरक्षित और ऊंचे स्थानों रह रहे हैं. नाथनगर,सुलतानगंज,सबौर,शाहकुंड,प्रखंड के रतीपुर, बैरिया शंकरपुर, अजमेरीपुर, रसीदपुर और श्रीरामपुर समेत कई गांव बाढ़ की चपेट में हैं. इन इलाकों में बाढ़ पीड़ित सरकारी सहायता की आस में है, लेकिन राहत की तलाश में पहुंचे इन परिवारों के सामने भी मुश्किलें कम नहीं हैं रहने,खाने-पीने,शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.कई परिवार खुले स्थानों पर अपना अस्थायी आशियाना बनाने में जुटे हैं.

बाढ़ पीड़ितों में छोटे-छोटे बच्चे भी शामिल हैं.वहीं, दूसरी ओर पशुओं के लिए चारे का संकट भी गहराने लगा है. बाढ़ के बीच लोग अपने परिवार और मवेशियों को सुरक्षित रखने की जद्दोजहद कर रहे हैं बाढ़ पीड़ितों का कहना है कि पानी ने उनका आशियाना छीन लिया है और अब उनके सामने खाने-पीने,रहने और पशुओं के चारे की बड़ी समस्या खड़ी हो गई है. लोगों का कहना है कि अब तक उन्हें पर्याप्त सरकारी सहायता नहीं मिली है.