बंगाल चुनाव को लेकर बॉर्डर पर अलर्ट : धनबाद एसएसपी ने सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा,अवैध गतिविधियों पर पैनी नजर
धनबाद:पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों को लेकर बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. इसी सिलसिले में एसएसपी प्रभात कुमार ने झारखंड-बंगाल सीमा से सटे इलाकों का दौरा किया.
तैनात पुलिस बल को सतर्क रहने के निर्देश
बंगाल विधानसभा चुनाव को देखते हुए धनबाद एसएसपी ने निरसा के डिबुडीह और चिरकुंडा बॉर्डर का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और तैनात पुलिस बल को सतर्क रहने के निर्देश दिए.
चुनाव आयोग के गाइडलाइन के तहत निर्देश जारी
एसएसपी ने सीमा पर चेकिंग व्यवस्था को और मजबूत करने का निर्देश दिया है. उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान किसी भी तरह की अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है. चुनाव आयोग के गाइडलाइन के तहत चेक पोस्ट पर सभी तरह की अवैध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है. इन आउट पॉइंट में खास कर गाड़ियों की चेकिंग सही तरीके से किये जाने का निर्देश दिया गया.
चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष होना उद्देश्य
एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष कराने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं. बॉर्डर पर विशेष निगरानी रखी जा रही है. निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने अधिकारियों को सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण निर्देश दिए है. बॉर्डर पर आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही है.
प्रशासन पूरी तरह अलर्ट
फिलहाल प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है, ताकि चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके. मौके पर उनके साथ ग्रामीण एसपी मोहम्मद याकूब और एसडीपीओ रजत मानिक बाखला मौजूद रहे.





