सीएम सम्राट का भागलपुर दौरा : काशील गांव में जनता से करेंगे सीधा संवाद,तैयारियां तेज
भागलपुर: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी 15 जुलाई को यानी बुधवार को एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे.जिले के गौराडीह प्रखंड स्थित काशील गांव में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का संभावित दौरा प्रस्तावित है. मुख्यमंत्री यहां कार्यक्रम में आम लोगों से सीधा संवाद करेंगे और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे. इधर, मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं.
कार्यक्रम स्थल पर विशाल जर्मन हैंगर पंडाल तैयार किया जा रहा है.इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग और अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी व्यवस्था की जा रही है, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके. कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे.
मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर काशील गांव सहित आस-पास के इलाकों में उत्साह का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्यमंत्री के आगमन से क्षेत्र की विकास संबंधी मांगों को बल मिलेगा और जनता को अपनी बात सीधे मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा.जिला प्रशासन कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है.





