आज विवाह पंचमी है
राम बारात को देखने जनकपुर में उमड़ी दस लाख लोगों की भीड़, रात में शादी
PATNA- आज विवाह पंचमी है। मिथिला के घर—घर में मंगल गान गाए जा रहे हैं। मधुर—मिष्ठान पकाए जा रहे है। विभिन्न मंदिरों को सजाया गया है। राम बारात के स्वागत को लेकर भव्य तैयारियां की गई है। नेपाल के जनकपुर की बात करें तों वहां पर आयोध्या से चलकर भगवान राम 1200 लोगों के साथ बाराती लेकर जनकपुर पहुंच गए हैं। नगर द्वार पर लाखों लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया। परिछन करने के बाद भगवान राम और चारों भाईयों सहित राजा दशरथ और ऋषि विश्वामित को नगर में प्रवेश करवाया गया। पोखर में स्नान करवाने के बाद मटकोर का भी आयोजन किया गया।
दूसरी ओर जनकपुर मंदिर को दुल्हन की तरह सजाया गया है। राम—सीता विवाह पंचमी के आयोजकों ने बताया कि बरात को 12 बीघा मैदान में बने भव्य पंडाल में ठहराया गया है। उन लोगों को किसी तरह की परेशानी ना हो इसपर विशेष ध्यान रखा गया है। आयोजक ने बताया कि बारात में 1200 से अधिक लोग शामिल हैं। इसके अलावे भारत सहित देश विदेश से लाखों श्रद्धालु इस समारोह में भाग लेने को आए हैं। सभी लोगों के लिए उचित ठहराव की व्यवस्था की गई है।
बरातियों के स्वागत के लिए छप्पन भोग बनाया जा रहा है। हलुवाई टीम में शामिल लोग दिन रात एक करके काम कर रहे हैं। इस बार का विवाह पंचमी इसलिए भी खास है क्योंकि इस अवसर पर पहली बार 51 लड़कें—लड़कियों का भी विवाह करवाया जा रहा है। सात दिवसीय विवाह समारोह का आयोजन इस बार किया जा रहा है।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।