विजिलेंस का छापा : गया में 9 हजार घूस लेते चौकीदार गिरफ्तार,ASI पर भी कार्रवाई की तैयारी
गया जी:जिले के बेलागंज थाना क्षेत्र में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (विजिलेंस) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. चौकीदार को 9 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार चौकीदार की पहचान मनीष कुमार के रूप में हुई है. इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है,क्योंकि मामले के तार थाने के एक सहायक पुलिस अवर निरीक्षक (ASI) से भी जुड़े बताए जा रहे हैं.
वहीं,निगरानी विभाग के डीएसपी समीर चंद्र झा ने बताया कि बेलागंज थाना कांड संख्या 689/23, जो जमीन विवाद से संबंधित है, परिवादी रविंद्र यादव के बेटे का नाम केस से हटाने के एवज में कुल 12 हजार रुपये रिश्वत मांगी गई थी. आरोप है कि 3 हजार रुपये पहले ही लिए जा चुके थे, जबकि शेष 9 हजार रुपये की मांग की जा रही थी.
परिवादी की शिकायत पर निगरानी विभाग ने गोपनीय सत्यापन कराया,जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई. इसके बाद अस्पताल परिसर में जाल बिछाकर चौकीदार मनीष कुमार को केमिकल लगे नोट लेते हुए पकड़ लिया गया.
डीएसपी ने बताया कि जांच में सामने आया है कि मामले के अनुसंधानकर्ता एएसआई अशोक कुमार के कहने पर चौकीदार पैसे ले रहा था. फिलहाल गिरफ्तार आरोपी को पटना ले जाया गया है तथा पूरे मामले की गहन जांच जारी है. दोषी पाए जाने वाले अन्य लोगों पर भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.