वंदे भारत ट्रेन के ट्रायल रन पर सियासत शुरु
ट्रेन में सांसद जयंत सिन्हा के सफर से गहराया विवाद
रांची : पटना-रांची के बीच सेमी हाई स्पीड वंदे भारत ट्रेन का परिचालन शुरू होना है. इसको लेकर सोमवार को पटना से रांची के बीच ट्रायल रन शुरू किया गया. लेकिन जितनी स्पीड इस ट्रेन की नजर आई उससे कहीं ज्यादा तेज इस पर राज्य में सियासत शुरू हो गई है.
सोमवार को पटना से रांची के बीच वंदे भारत ट्रेन का ट्रायल रन किया गया. इस ट्रायल रन को लेकर दोनों राज्यों के लोग जहां खुश दिखे वहीं ट्रायल रन के सफल होने पर रेलवे के अधिकारी भी काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं. अधिकारियों की मानें तो ट्रायल रन के टेक्निकल टीम की रिपोर्ट आने के बाद इस ट्रेन का परिचालन जल्द शुरू हो सकता है.
आपको बता दें कि एक ओर जहां वंदे भारत ट्रेन को लेकर आमलोग और रेलवे के अधिकारी खुश व उत्साहित हैं. वहीं दूसरी तरफ इसको लेकर राज्य में सियासत भी तेज हो गई है. सियासत ट्रेन के ट्रायल रन को लेकर नहीं बल्कि ट्रायल रन के दौरान कोडरमा से बरकाकाना तक हजारीबाग के बीजेपी सांसद पूर्व राज्य मंत्री जयंत सिन्हा के सफर करने को लेकर है. विपक्ष सांसद के इस सफर पर सवाल उठा रहा है.
दूसरी तरफ बीजेपी सांसद जयंत सिन्हा के इस पहल का स्वागत कर रही है और विपक्ष के आरोपों को नकार रही है. बीजेपी विपक्ष पर पलटवार करते हुए कह रही है कि राज्य में4साल के अपने कार्यकाल में विपक्ष ने कुछ किया नहीं और अगर कहीं कुछ अच्छा हो रहा है तो उसका स्वागत करने के बजाए आलोचना में जुटी है. विपक्ष को तो इस तरह के सवाल उठाने का हक ही नहीं है.
ट्रायल रन के दौरान सांसद जयंत सिन्हा का ट्रेन में सफर करना कितना सही और कितना गलत है यह तो रेलवे के अधिकारी ही बता सकते हैं. लेकिन इतना जरूर कहा जा सकता है कि झारखंड व बिहार में बगैर सियासत हुए विकास की कोई भी दास्तान अधूरी रहती है
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।