बेखौफ अपराधियों का तांडव
अंधाधुंध फायरिंग से थर्राया बिहार का ये इलाका, लोगों ने भागकर बचायी जान
MUZAFFARPUR :मुजफ्फरपुर में बेखौफ अपराधियों का तांडव बदस्तूर जारी है। जिले के सरैया बाया नदी पुल के पास एकबार फिर अपराधियों का तांडव देखने को मिला है। बेलगाम बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग की है, जिसके बाद भगदड़ मच गयी। इस दौरान लोगों ने छिपकर अपनी जान बचायी।
मौके से 4 खोखा बरामद
वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही सरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फिर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से चार खोखा भी बरामद किया है। बताया जा रहा है कि मुजफ्फरपुर कोर्ट में मुंशी के पद पर पवन शाही कार्यरत हैं। घटना के वक्त वे पत्नी और छोटे बेटे के साथ घर में खाना खा रहे थे, तभी एक बाइक पर सवार दो लोग आए और फिर बड़े बेटे सूरज शाही को आवाज देने लगे, जिसके बाद जैसे ही दरवाजा खुला, तभी अपराधी गोली बरसाने लगे। इस दौरान 6-7 गोली चलाने के बाद अपराधी जैतपुर की तरफ भाग निकले।
भूमि विवाद से जुड़ा है मामला
घटना को लेकर पवन शाही ने बताया कि पहले ही जमीन का विवाद चल रहा है। इस पूरे मामले पर थानाध्यक्ष ने बताया कि घटनास्थल से 4 खोखा बरामद किया गया है। वहीं, पीड़ित परिवार द्वारा आवेदन दिया गया है, जिसमे दो व्यक्ति को संदेह के आधार पर नामजद किया गया है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की शिनाख्त करने में जुटी है।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।