Live

UP NEWS

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी को लेकर भाजपा ने मृत्युंजय कुमार झा को सौंपी गाजीपुर एवं बलिया की जिम्मेदारी

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

पटना/गाजीपुर : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को ध्यान में रखते हुए भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता मृत्युंजय कुमार झा को गाजीपुर और बलिया लोकसभा क्षेत्रों का प्रभारी नियुक्त किया है। इन दोनों लोकसभा क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाली कुल दस विधानसभा सीटों पर संगठनात्मक एवं चुनावी तैयारियों की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है।

जिम्मेदारी मिलने के बाद मृत्युंजय कुमार झा कल से लगातार गाजीपुर एवं बलिया क्षेत्र के प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर स्थानीय पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। साथ ही प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में संगठन की वर्तमान स्थिति, बूथ स्तर की संरचना, कार्यकर्ताओं की सक्रियता तथा आगामी चुनाव की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करेंगे।

इस प्रवास के दौरान विधानसभा स्तर पर संगठनात्मक कार्ययोजना तैयार करने, स्थानीय परिस्थितियों का आकलन करने और चुनावी तैयारियों को व्यवस्थित रूप देने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उनका प्रयास रहेगा कि सभी दस विधानसभा क्षेत्रों में संगठन के विभिन्न स्तरों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो तथा केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशों के अनुरूप कार्यों को गति मिले।

मृत्युंजय कुमार झा बिहार में संगठनात्मक गतिविधियों एवं पार्टी के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से लंबे समय से जुड़े रहे हैं। भाजपा संगठन में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए उन्होंने संगठन मंत्री, प्रदेश मंत्री एवं प्रदेश उपाध्यक्ष सहित विभिन्न भूमिकाओं में कार्य किया है। वर्तमान में वे बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष हैं।

इस नई जिम्मेदारी को लेकर राजनीतिक एवं संगठनात्मक हलकों में चर्चा है। गाजीपुर और बलिया के दस विधानसभा क्षेत्रों में उनका आगामी प्रवास संगठनात्मक तैयारियों, कार्यकर्ताओं के साथ संवाद और चुनावी कार्ययोजना को लेकर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

राजीव रंजन की रिपोर्ट--

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें