उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन का झारखंड दौरा : खूंटी के उलिहातू में बिरसा मुंडा को दी श्रद्धांजलि, IIM रांची के दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल
रांची : उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन शनिवार को प्रतिष्ठित आईआईएम रांची के 15 वें दीक्षांत समारोह में भाग लेने के लिए राजधानी रांची पहुंचे. वो सबसे पहले रांची हवाई अड्डा से खूंटी जिले के ऐतिहासिक गांव उलिहातू गए. वहां उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. उन्होंने बिरसा मुंडा के वंशजों से आत्मीय बातचीत की और बच्चों को चॉकलेट देकर स्नेह जताया. उपराष्ट्रीय के साथ केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश और राज्य के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे.
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन खूंटी से लौटने के बाद विश्राम के लिए लोकभवन रांची पहुंचे. इसके बाद उपराष्ट्रपति आईआईएम रांची के 15 वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रुप में शामिल होंगे. दीक्षांत समारोह का पहला सत्र 3 बजे से शुरु होगा. समारोह में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान , राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन, राज्यसभा के उपसभा पति हरिवंश नारायण सिंह और केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ विशिष्ट अतिथि के रुप में शामिल होंगे.
दीक्षांत समारोह में उपराष्ट्रपति विभिन्न कार्यक्रमों के 7 मेधावी छात्रों को मेडल और उपाधि प्रदान करेंगे. इनमें सत्र 2024-26 के एमबीए,एमबीए-बीए,एमबीए-एचआरएम ,एमबीए-एग्जीक्यूटिव (समर) और एमबीए-एग्जीक्यूटिव ( विंटर ) के टॉपर्स शामिल हैं. इसके अलावा दो छात्रों को स्टूडेंट सिटीजनशिप अवॉर्ड और प्रो. आशीष हाजेला अवॉर्ड से भी सम्मानित किया जाएगा.