Live

उपचुनाव में खूब फटे बयानों के बम, हो गए फुस्स

नतीजों में जनता की चकरी में गुम हुए बयानों के बम

S
SUMIT JHAलेखक

दो सीटों के लिए बिहार विधानसभा के उपचुनाव में नतीजे भले ही जेडीयू के पक्ष में आए, लेकिन बयानों के बम खूब फूटे।भकचोन्हर से भ्रम फैलाने तक। विसर्जन से‘गोली’की बोली तक। डरपोक से चूड़ी पहनाने तक। ऐसे ऐसे बयानों के बम फूटे कि सियासत की मर्यादा तक झुलस गई। लेकिन नतीजों में जनता ने बयानों के सारे बम फुस्स कर दिए। उपचुनाव के दौरान नेताओं ने एक दूसरे पर जमकर शब्दबाण छोड़े। नेताओं की ज़ुबां से बोल बिना तोल मोल के निकलते रहे। शुरुआत मछली मार राजनीति से हुई। तेजस्वी की मछली मारने की तस्वीर सामने आई। जिसमें मछली मारते नज़र आए। इसके जवाब में ललन सिंह ने शब्दबाण छोड़े। शब्दबाण और वार-पलटवार का दौर तब और तीखा हो गया, जब लालू यादव चुनाव मैदान में उतरे। चुनाव मैदान में उतरने से पहले ही लालू ने सबसे तीखा वार कांग्रेस पर किया और बिहार कांग्रेस प्रभारी भक्त चरण दास पर विवादित टिप्पणी कर दी। लालू के भकचोन्हर वाले बयान पर बवाल मचा ही था, पटना आने के बाद लालू ने एक बार फिर बयान का बम फोड़ा। लालू ने बिहार कांग्रेस के नेताओं को छुटभैया बता दिया। फिर तो मानों बिना तोल मोल के बोल की बाढ़ सी आ गई। लालू ने कह दिया हम पटना नीतीश सरकार का विसर्जन करने आए हैं। जिसके जवाब में नीतीश ने कहा लालू उन्हें गोली भी मरवा सकते हैं।

बात यहीं नहीं थमी। लालू जब चुनाव प्रचार करने 27 तारीख को उतरे, तो नीतीश के गोली मारने वाले बयान पर पलटवार करते हुए नीतीश को डरपोक बता दिया। वहीं अगले दिन गोली मारने वाले बयान पर तेजस्वी ने नीतीश पर हमला बोलते हुए कह दिया क्या उन्होने चूड़ी पहन रखी है।

वार-पलटवार के दौर में नेताओं के बोल निकलते रहे और नए-नए शब्द सामने आते रहे। भकचोन्हर, विसर्जन के बाद अलबला शब्द की एंट्री हुई और तेजस्वी ने नीतीश के बारे में कह दिया कि वो अलबला गए हैं।

नेताओं के बोल और वार-पलटवार के बीच झूठे सच्चे को लेकर भी खूब बम फूटे। कांग्रेस पर तीखा हमला करने वाले लालू-तेजस्वी ने कहा सोनिया गांधी से फोन पर बात हुई है। लेकिन बिहार कांग्रेस प्रभारी ने लालू-तेजस्वी को झूठा बताते हुए कह दिया, सोनिया गांधी से कोई बात ही नहीं हुई है।

महज दो सीटों के उपचुनाव में नेताओं ने बयानों के खूब बम फूटे। लेकिन जनता ने आखिर सारे बयान बम को फुस्स कर दिया और बता दिया कि बयानों के बम के सहारे नहीं जीत मुद्दों की आतिशबाजी से होती है।

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें