Live

UCC पर बिहार में सियासी हलचल तेज

नीतीश के रुख पर सबकी नजर,JDU ने कहा-ड्राफ्ट आने के बाद होगा अध्ययन और जरूरत पर रखेंगे अपनी बात

A
archana singhलेखक

पटना:समान नागरिक संहिता यानी UCC को लेकर बिहार की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले एनडीए शासित राज्यों में UCC लागू करने के ऐलान के बाद बिहार में भी सियासी चर्चाएं शुरू हो गई हैं.

इस बीच विपक्षी दलों की ओर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के रुख को लेकर बयान सामने आ रहे हैं. आरजेडी और कांग्रेस नेताओं की ओर से नीतीश कुमार से एनडीए का साथ छोड़कर महागठबंधन के साथ आने की अपील की गई है. हालांकि,जेडीयू की ओर से एनडीए से अलग होने के किसी फैसले का संकेत नहीं दिया गया है.

UCC के मुद्दे पर जेडीयू का कहना है कि जब इसका ड्राफ्ट तैयार होगा, तब पार्टी उसका अध्ययन करेगी। जरूरत पड़ने पर पार्टी अपनी चिंताओं से केंद्रीय गृह मंत्री को अवगत कराएगी यानी फिलहाल जेडीयू ने अंतिम तौर पर UCC के समर्थन या विरोध की घोषणा नहीं की है.

बिहार विधानसभा के मौजूदा राजनीतिक गणित को लेकर भी चर्चा हो रही है. 243 सदस्यीय विधानसभा में जेडीयू के 85 विधायक हैं, जबकि राजद के 25, कांग्रेस के 6, वाम दलों के 3 और आईआईपी के एक विधायक बताए गए हैं. विपक्षी दलों की ओर से इसी संख्या के आधार पर संभावित राजनीतिक समीकरणों की चर्चा की जा रही है.

वहीं, आरजेडी और कांग्रेस नेताओं की ओर से नीतीश कुमार को लेकर लगातार बयान दिए जा रहे हैं. दूसरी ओर जेडीयू नेतृत्व ने एनडीए के साथ अपने मौजूदा राजनीतिक संबंधों को लेकर सार्वजनिक तौर पर अलग रुख अपनाने की घोषणा नहीं की है.ऐसे में UCC का मुद्दा बिहार में आने वाले दिनों में सियासी बहस का अहम विषय बना रह सकता है.

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें