जनजातीय गरिमा उत्सव का शुभारंभ : 24 जिलों के 771 गांवों में चलेगा विशेष अभियान, सबसे दूर, सबसे पहले अभियान के तहत बिहार में मिशन मोड पर काम शुरू
पटना- बिहार में जनजातीय समुदायों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग की ओर से जन भागीदारी सबसे दूर, सबसे पहले अभियान के तहत 'जनजातीय गरिमा उत्सव' का शुभारंभ किया गया। अभियान के सफल संचालन को लेकर बिहार सरकार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय ओरियंटेशन सत्र आयोजित हुआ।हाइब्रिड मोड में आयोजित इस बैठक में बिहार के 24 जिलों के जिला पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव, सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनजातीय क्षेत्रों में चलने वाले सभी कार्यक्रमों का क्रियान्वयन मिशन मोड में किया जाए और यह सुनिश्चित हो कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचे। उन्होंने जिला प्रशासन को कैंपों में अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया।उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनजातीय समुदायों के सम्मान, अधिकार और विकास से जुड़ा व्यापक सामाजिक अभियान है।

अभियान के पहले दिन बिहार के जनजातीय बहुल 24 जिलों में जिला पदाधिकारियों द्वारा कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अभियान के तहत राज्य के 74 प्रखंडों के 771 जनजातीय गांवों में व्यापक स्तर पर गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।19 मई से इन गांवों में सेचुरेशन कैंप, हेल्थ कैंप, प्लांटेशन ड्राइव, जन-जागरूकता कार्यक्रम और विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित ऑन-द-स्पॉट सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।वहीं 21 मई से 23 मई तक जन सुनवाई शिविर लगाए जाएंगे, जहां स्थानीय लोगों की समस्याओं, शिकायतों और आवश्यकताओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा।

अभियान के दौरान पात्र लाभुकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का काम किया जाएगा। इसके तहत आधार और दस्तावेज सत्यापन, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ, स्वास्थ्य जांच, आयुष्मान कार्ड, छात्रवृत्ति, पेंशन, राशन कार्ड और बैंकिंग सेवाओं जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।इसके अलावा पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए वृक्षारोपण अभियान भी चलाया जाएगा।अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग ने सभी संबंधित विभागों, जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से इस अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग की अपील की है।
पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट