BIG BREAKING
तिलैया डैम में डूबने से 2 युवकों की मौत, जन्मदिन मनाने आए थे पांच दोस्त
कोडरमा :इस वक्त की बड़ी खबर कोडरमा से है जहां जिले के प्रसिद्ध तिलैया डैम में गुरुवार शाम नहाने के दौरान डूबने से दो युवकों की मौत हो गई. दोनों की उम्र 21 से 25 वर्ष के बीच का बताया जा रहा है. घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच कर दोनों शव को डैम से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
जानकारी के अनुसार,बिहारशरीफ और पटना से पांच युवक अपने एक दोस्त का जन्मदिन मनाने के लिए तिलैया डैम घूमने आए थे. बताया जा रहा है कि पांचों युवक ट्रेन से कोडरमा स्टेशन पर उतरकर टोटो से तिलैया डैम पहुंचे थे जहाँ जन्मदिन की पार्टी मनाने के बाद सभी पांचों युवक डैम के पानी में नहाने चले गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक नशे की हालत में थे. नहाने के दौरान चार युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे. शोर सुनकर मौके पर मौजूद मछुआरों ने तत्परता दिखाते हुए दो युवकों को बचा लिया,लेकिन दो युवक गहरे पानी में डूब गए और उनकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों शवों को पानी से बाहर निकलवाया और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है और मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है. मृतकों की पहचान बिहार निवासी के रूप में हुई है.
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।