BIHAR
पितृपक्ष मेला में इस बार आधुनिक तकनीक का रंग, अधिकारियों के मोबाइल में रहेगा ‘पिंडदान गया जी’ ऐप, शिकायत और समस्याएं ऐप के जरिए होंगी दर्ज
गयाजी- पितृपक्ष मेला 2026 में इस बार आधुनिक तकनीक का रंग देखने को मिल रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर प्रबंधन को लेकर गया जिला प्रशासन ने कई आधुनिक इंतजाम किए हैं। मेले के दौरान देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए तकनीक की मदद से व्यवस्थाओं को बेहतर और सुगम बनाने पर जोर दिया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष नजर रखी जा रही है, ताकि श्रद्धालु सुविधाजनक और सुरक्षित माहौल में पिंडदान और तर्पण कर सकें।
‘पिंडदान गया जी’ ऐप
जिला पदाधिकारी ने सभी दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को अपने मोबाइल में ‘Pind Daan Gaya Ji’ मोबाइल ऐप अनिवार्य रूप से इंस्टॉल करने का निर्देश दिया है। इस ऐप के जरिए श्रद्धालु और आम लोग मेला क्षेत्र से जुड़ी अपनी शिकायत या समस्या दर्ज करा सकेंगे।
शिकायतों के त्वरित समाधान की व्यवस्था
ऐप पर प्राप्त शिकायतों को जिला प्रशासन द्वारा गठित संबंधित सेल तक पहुंचाया जाएगा। इसके बाद शिकायतों की निगरानी करते हुए संबंधित विभाग के माध्यम से उनका त्वरित समाधान कराने की व्यवस्था की गई है।प्रशासन का उद्देश्य है कि पितृपक्ष मेले के दौरान देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और उनकी शिकायतों पर समयबद्ध तरीके से कार्रवाई की जा सके।
तकनीक के जरिए बेहतर होगा मेला प्रबंधन
पितृपक्ष मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए प्रशासन सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं पर विशेष नजर रख रहा है। ‘Pind Daan Gaya Ji’ ऐप को इसी व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया गया है, ताकि श्रद्धालुओं की समस्याओं को सीधे प्रशासन तक पहुंचाने और उनके समाधान की प्रक्रिया को आसान बनाया जा सके।
गयाजी से प्रदीप सिंह की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।