पटना में बड़ी चोरी : शटर काटकर “सोना दो पैसा लो” से 7 किलो चांदी और 5 लाख कैश ले उड़े चोर
पटना के बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र स्थित बोरिंग कैनल रोड पर “सोना दो पैसा लो” प्रतिष्ठान में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। शातिर चोरों ने देर रात दुकान का शटर काटकर करीब 7 किलो चांदी और 5 लाख रुपये नकद चोरी कर लिया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
प्रतिष्ठान के मालिक आशीष ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के अनुसार रात 2:39 बजे दो युवक दुकान के बाहर पहुंचे और शटर काटकर अंदर घुस गए। चोरों ने सबसे पहले बाहर लगे कैमरे को दूसरी दिशा में घुमा दिया ताकि उनकी गतिविधियां रिकॉर्ड न हो सकें। दोनों बदमाशों ने चेहरे पर नकाब पहन रखा था।
दुकान के अंदर घुसने के बाद चोर सीधे तिजोरी तक पहुंचे और पूरी तिजोरी उठाकर फरार हो गए। मालिक के अनुसार तिजोरी में लगभग 7 किलो चांदी और 5 लाख रुपये कैश रखा हुआ था। बाजार मूल्य के हिसाब से चांदी की कीमत करीब 2.65 लाख रुपये प्रति किलो बताई जा रही है। कुल चोरी लगभग 22 लाख रुपये की बताई जा रही है।
घटना के बाद प्रतिष्ठान की ओर से बुद्धा कॉलनी थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है।दुकान मालिक का कहना है कि यह घनी आबादी वाला इलाका है और दुकान के ऊपर एसबीआई का कार्यालय भी स्थित है, इसके बावजूद इतनी बड़ी चोरी हो गई।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है। आसपास के लिंक रोड और आने-जाने वाले रास्तों पर लगे कैमरों की भी जांच की जा रही है।
पटना से विवेक कुमार की रिपोर्ट