BIHAR NEWS
हत्या से भड़का जनाक्रोश, 5 घंटे तक सड़क जाम, मौके पर पहुंचे DM-SP
बिहार के भोजपुर जिले में अपराधियों ने रिटायर्ड कस्टम अधिकारी रामकुमार सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना नवादा थाना क्षेत्र के कनकपुरी मोहल्ले में जैन कॉलेज गेट के समीप की है। बताया जा रहा है कि रामकुमार सिंह सुबह अपने बेटे के साथ टहलने जा रहे थे, तभी मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस दौरान उन्हें सात गोलियां मारी गईं, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। नाराज लोगों ने अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आरा-पटना मुख्य मार्ग पर सपना सिनेमा मोड़ के समीप शव रखकर सड़क जाम कर दिया। करीब पांच घंटे से अधिक समय तक सड़क जाम रहने के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित रहा।
सड़क जाम की सूचना मिलने के बाद भोजपुर के जिलाधिकारी मनेश कुमार मीणा और पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत की और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया। मीडिया से बातचीत के दौरान जिलाधिकारी मनेश कुमार मीणा ने बताया कि परिवार और प्रदर्शन कर रहे लोगों की मांगों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करेगा। परिवार की ओर से दिए जाने वाले आवेदन के आधार पर भी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने बताया कि मामले में परिजनों की ओर से मुफस्सिल थानाध्यक्ष पर आरोप लगाए जाने के बाद थानाध्यक्ष राम कल्याण यादव को निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि परिजनों के आवेदन के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। इस मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हत्या के पीछे की वजह तथा अन्य आरोपियों की भूमिका का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
आरा से विवेक की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।