Hindi News / बिहार की दो जेलों से रची गई थी साजिश,कुख्यात अपराधी सुबोध और शिवम...

तेलंगाना में ज्वेलरी लूटकांड में बड़ा खुलासा : बिहार की दो जेलों से रची गई थी साजिश,कुख्यात अपराधी सुबोध और शिवम पर आरोप

Edited By:  |
telangana mein jwellery lootkand mein badaa khulasa

BIHAR NEWS: तेलंगाना के करीमनगर में 84 लाख के सोने के आभूषणों की लूटकांड की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। जांच एजेंसियों के अनुसार इस हाई-प्रोफाइल लूट की साजिश बिहार की दो जेलों के अंदर से रची गई थी। आरोप है कि पूर्णिया जेल में बंद कुख्यात अपराधी सुबोध और बेऊर केंद्रीय कारा में बंद शिवम सिंह ने जेल के भीतर से अपने नेटवर्क के जरिए पूरी वारदात की योजना तैयार की और बाहर मौजूद अपराधियों को निर्देश दिए।

एक व्यक्ति को पेंटर बनाकर भेजा गया था ज्वेलरी शोरूम

पुलिस जांच के मुताबिक तीन मई को आयोजित नीट परीक्षा के दिन पुलिस बल की व्यस्तता का फायदा उठाने की रणनीति पहले से बनाई गई थी। वारदात से पहले एक व्यक्ति को पेंटर बनाकर ज्वेलरी शोरूम में भेजा गया,जिसने सुरक्षा व्यवस्था की रेकी की। इसके बाद अपराधियों ने तेलंगाना के करीमनगर स्थित पीएमजे ज्वेलरी शोरूम में धावा बोलकर करीब 84 लाख रुपये के सोने के आभूषण लूट लिए।

तेलंगाना पुलिस आरोपियों से कर रही पूछताछ

जांच के दौरान बिहार के फुलवारीशरीफ के खलीलपुरा निवासी गोलू और बौली मोहल्ला निवासी मोहम्मद आदिल को गिरफ्तार किया गया है। तेलंगाना पुलिस दोनों को ट्रांजिट प्रक्रिया के बाद अपने साथ ले जाकर पूछताछ कर रही है। इस मामले में अब तक कुल पांच आरोपित गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि कई अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।

जेल सेदूसरे राज्यों में बड़ी आपराधिक वारदातों की साजिश ने खड़े किए सवाल

इस खुलासे ने बिहार की जेल सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि जेल के भीतर बंद अपराधियों तक मोबाइल फोन और अन्य संचार साधन कैसे पहुंचे तथा किस तरह वे दूसरे राज्यों में बड़ी आपराधिक वारदातों की साजिश रचते रहे। मामले की जांच बिहार और तेलंगाना पुलिस संयुक्त रूप से कर रही है। पूरे नेटवर्क, इसमें शामिल अन्य अपराधियों और जेल के भीतर मिली संभावित मदद की भी गहन जांच की जा रही है।