Live

तेजस्वी यादव ने सरकार को घेरा

बिहार की बाढ़-सुखाड़ स्थिति पर उठाए सवाल,आशीर्वाद का दीया’कार्यक्रम में करोड़ों खर्च का लगाया आरोप

A
archana singhलेखक

पटना: बिहार में बाढ़ और सुखाड़ की स्थिति को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिहार का एक हिस्सा बाढ़ से प्रभावित है,जबकि दूसरे हिस्सों में बारिश की कमी के कारण किसान परेशान हैं। तेजस्वी ने दावा किया कि बाढ़ से 45 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं।

तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि जब लोग बाढ़ की परेशानी झेल रहे हैं और किसान संकट में हैं, तब सरकार ने दीये जलाने जैसे आयोजन पर सैकड़ों करोड़ रुपये खर्च किए। तेजस्वी ने कार्यक्रम पर 100 करोड़ रुपये खर्च होने का दावा किया। उन्होंने कहा कि सरकार को इस राशि का इस्तेमाल बाढ़ पीड़ितों और किसानों की मदद में करना चाहिए था।

बाढ़ को लेकर तेजस्वी पहले भी केंद्र से बिहार को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने और विशेष आर्थिक पैकेज देने की मांग कर चुके हैं। उन्होंने ‘डबल इंजन’ सरकार पर भी राजनीतिक हमला किया।

तेजस्वी ने स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने एक तस्वीर साझा करते हुए दावा किया कि एक गर्भवती महिला का ऑपरेशन टार्च की रोशनी में किया गया। उन्होंने इसे राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था से जोड़ते हुए सरकार से जवाब मांगा।

वहीं, पटना में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के दौरान कथित मारपीट के शिकार 12 वर्षीय प्रिंस कुमार से मुलाकात का भी तेजस्वी ने जिक्र किया। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, प्रिंस ने बताया कि वह कार्यक्रम का वीडियो बना रहा था, इसी दौरान उसके साथ कथित तौर पर मारपीट हुई।

तेजस्वी ने एक अलग सोशल मीडिया पोस्ट में बीजेपी पर विपक्षी दलों के नाम, चुनाव चिह्न और बैंक खातों पर कब्जे की कोशिश का आरोप भी लगाया।

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें