BIHAR NEWS
जमुई की घटना पर तेजस्वी का सरकार पर हमला, दोषियों को फांसी देने की मांग
पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने जमुई में छात्रा के साथ हुई कथित छेड़खानी और अभद्रता की घटना को लेकर बिहार सरकार पर जमकर हमला बोला। तेजस्वी यादव ने कहा कि घटना का जो वीडियो सामने आया है, वह शर्मसार करने वाला है और इससे पूरे देश में बिहार की बदनामी हुई है। उन्होंने कहा कि इस मामले को किसी भी सूरत में सामान्य या छिटपुट घटना बताना उचित नहीं है। जमुई की घटना के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है ।
तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पुराने बयान का जिक्र करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने कहा था कि रात में कहीं भी चले जाइए, अगर कोई छू देगा तो वे इस्तीफा दे देंगे। तेजस्वी ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री अपने जुबान के पक्के हैं तो अब इस्तीफा देकर अपने बयान पर कायम रहें।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेजस्वी यादव एक महीने की अखबारों की कटिंग लेकर पहुंचे और उन्होंने बिहार के अलग-अलग जिलों में अपराध और महिलाओं के खिलाफ घटनाओं का हवाला देते हुए सरकार पर सवाल खड़े किए। तेजस्वी ने कहा कि बिहार में ऐसे सैकड़ों मामले सामने आ रहे हैं, लेकिन पुलिस की कार्रवाई और उसके नतीजे को लेकर सरकार को जवाब देना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री के उस दावे पर भी सवाल उठाया कि बिहार में महिलाएं सुरक्षित हैं।
तेजस्वी यादव ने कहा कि जमुई की घटना में जात-पात नहीं होना चाहिए। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि अपराधी की कोई जात नहीं होती और दोषियों को कानून के मुताबिक सजा मिलनी चाहिए फांसी देना चाहिए उन्होंने यह भी कहा कि मामले में सात लोगों की भूमिका सामने आई है तो प्रशासन को स्पष्ट करना चाहिए कि अब तक किसके खिलाफ क्या कार्रवाई हुई है।
तेजस्वी यादव ने केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय के संसद में दिए गए जवाब का हवाला देते हुए बिहार में अपराध की स्थिति पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस व्यवस्था में राजनीतिक हस्तक्षेप हो रहा है और थानेदारों के तबादले तक मुख्यमंत्री आवास से होने का आरोप लगाया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ईमानदार पुलिस अधिकारियों को परेशान किया जा रहा है और भ्रष्ट पुलिसकर्मियों को संरक्षण मिल रहा है।
जमुई मामले में जातीय राजनीति को लेकर तेजस्वी यादव ने पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। तेजस्वी ने कहा कि हर घटना में जाति जोड़ना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि जिस दिन जमुई में घटना हुई, उस दिन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एक सम्मेलन में थे। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि जो लोग इस मामले में जाति का मुद्दा उठा रहे हैं, उन्हें समझना चाहिए कि इससे अपराधियों को संरक्षण देने का संदेश जाता है। तेजस्वी यादव ने सरकार से जमुई मामले में पूरी कार्रवाई सार्वजनिक करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
पटना से नीरज उपाध्याय की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।