CM नीतीश से सुशील मोदी ने पूछे सवाल
RSS से नफरत तो 22 साल साथ क्यों रहे, क्यों बने वाजपेयी सरकार में मंत्री
PATNA- गुरु गोलवलकर के जन्मशती समारोह में क्यों शामिल हुए थे नीतीश ? वे भ्रष्टाचार और कांग्रेस से हाथ मिलाने पर अमित शाह के सवाल का जवाब न दे पाये, नीतीश बताएँ, क्या आजादी की लड़ाई पर केवल स्वाधीनता सेनानी बोल सकते हैं? :पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने कहा कि यदि नीतीश कुमार भाजपा के मातृ संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ( आरएसएस) को " गांधी का हत्यारा" मानते हैं, तो वे 22 साल भाजपा के साथ क्यों रहे? उन्होंने भ्रष्टाचार और कांग्रेस से हाथ मिलाने के गृह मंत्री अमित शाह के आरोप का जवाब देने के बजाय उनकी उम्र का बेतुका सवाल क्यों उठाया?
सुशील मोदी ने कहा कि यदि नीतीश कुमार को संघ से इतना परहेज था , तो वे अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में केंद्रीय मंत्री क्यों बने थे? उन्होंने कहा कि जब संघ के द्वितीय सरसंघचालक गुरु गोलवलकर जी की जन्मशती मनायी गई थी, तब नीतीश कुमार उसमें शामिल हुए थे, लेकिन आज वे लावू प्रासाद का कृपापात्र बने रहने के लिए संघ पर अनर्गल आरोप लगा रहे हैं।
मोदी ने कहा कि भ्रष्टाचार में डूबे राजद नेतृत्व और इमरजेंसी थोपने वाली कांग्रेस की चौखट पर मत्था टेकने वाले नीतीश कुमार क्या जेपी के आदर्शों का पालन कर रहे हैं? उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार जब गृहमंत्री शाह के मुद्दा आधारित सवाल का जवाब न दे सके, तब उनकी उम्र पर टिप्पणी करने लगे।
मोदी ने पूछा क्या स्वाधीनता आंदोलन या इतिहास के किसी काल खंड पर केवल वही बोल सकता है, जो उस काल में रहा हो? क्या इतिहास की पढाई और इस पर विमर्श को बंद कर दिया जाना चाहिए? उन्होंने कहा कि कुर्सी के मोह और कुसंग में पड़ कर नीतीश कुमार का विवेक नष्ट हो रहा है।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।