Live

Bihar News

7वें चरण के लिए प्रत्याशियों के समर्थकों ने झोंकी ताकत, कड़ी धूप और भीषण गर्मी में भी चला रहे जनसंपर्क अभियान

P
Prasoon Pandeyलेखक

GAYA : गया के अतरी प्रखंड में कड़ी धूप और भीषण गर्मी के बावजूद प्रत्याशियों के समर्थक लगातार जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं. गौरतलब है कि गया जिले का अतरी विधानसभा जहानाबाद लोकसभा संसदीय क्षेत्र अंतर्गत आता है, जहां 1 जून को चुनाव होना है. इसे लेकर जनसंपर्क अभियान अब अंतिम दौर में है, हालांकि, बीते तीन दिनों से गया जिले में भीषण गर्मी पड़ रही है. तापमान 47 डिग्री के पार है. बावजूद इसके समर्थक अपने प्रत्याशियों को जिताने के लिए जी जान से लगे हुए हैं.

इसी क्रम में भाजपा नेता सौरभ सम्राट के नेतृत्व में एनडीए प्रत्याशी चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी के समर्थन में अतरी प्रखंड के दर्जनों गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाया गया. जहां ग्रामीणों से नेताओं ने अपने प्रत्याशी के समर्थन में वोट देने की अपील की.

इस दौरान भाजपा नेता सौरभ सम्राट ने कहा कि गर्मी कोई मायने नहीं रखती. चुनाव प्रचार अंतिम दौर में है, इसे लेकर हमलोग अतरी प्रखंड के दर्जनों गांव का दौरा कर रहे हैं और अपने प्रत्याशी चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी के पक्ष में वोट देने की अपील कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि एक जाति विशेष के लोगों को कुछ लोगों ने भड़काने का काम किया लेकिन अब सब कुछ सामान्य है. समाज के सभी वर्गों के लोग हमारे समर्थन में हैं.

वहीं, उन्होंने कहा कि विगत 2 वर्षों से जहानाबाद से हम चुनाव लड़ने के लिए लगे हुए थे लेकिन अंत में जदयू पार्टी के प्रत्याशी का टिकट फाइनल हुआ. शीर्ष नेताओं के निर्णय के आलोक में हमने चुनाव नहीं लड़ने का निर्णय लिया और हम अब हम अपना समर्थन चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी को दे रहे हैं और उनके पक्ष में लगातार जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं.

वही लोजपा (रा) के प्रदेश महासचिव मुकेश कुमार चंद्रवंशी ने कहा कि एक जाति विशेष को हमारे प्रत्याशी के विरुद्ध करने का प्रयास किया गया लेकिन आला नेताओं के जनसंपर्क के बाद मामला सुलझ गया है. अब जाति कोई फैक्टर नहीं है. समाज के सभी वर्गों के लोगों का हमें समर्थन मिल रहा है, यही वजह है की भीषण गर्मी के बावजूद हम लोग प्रचार कर रहे हैं क्योंकि यह देश का सबसे बड़ा चुनाव है. इसलिए गर्मी कोई मायने नहीं रखती. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो 400 पार का नारा दिया है, वह सच्चा साबित होगा और बिहार के सभी 40 सीटों पर एनडीए की जीत होगी.

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें